
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक ।
उत्तरकाशी
आगामी चारधाम यात्रा के सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक संचालन तथा यात्रा अवधि में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, पर्यटन, सिंचाई, जिला पंचायत सहित सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजनाओं के विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्गों पर सड़क मरम्मत, सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक बुनियादी ढांचागत कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए तथा संबंधित प्रस्ताव समय पर उपलब्ध कराए जाएं। यात्रियों की सुविधा, सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं डेंजर जोन चिन्हित कर उनके उपचारात्मक उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु पीआरडी, होमगार्ड एवं पुलिस कर्मियों के ठहराव स्थलों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पार्किंग क्षमता बढ़ाने, पैदल मार्गों के सुधारीकरण, यात्री पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को यात्रा से पूर्व पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीएमओ बी.एस. रावत सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं बैठक में उपस्थित रहे।


