
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के खिलाफ एफआईआर ।
देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ डालनवाला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में दोनों पर सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने तथा प्रदेश में दंगे भड़काने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन की आड़ में जानबूझकर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और पोस्ट प्रसारित किए गए, जिनका उद्देश्य भाजपा नेतृत्व को बदनाम करना और उत्तराखंड का सामाजिक माहौल खराब करना है।
दुष्यंत कुमार गौतम ने अपनी तहरीर में कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) और आम आदमी पार्टी (आप) पर भी इस कथित साजिश का सूत्रधार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के साथ मिलकर एक सुनियोजित योजना के तहत भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।
शिकायत के साथ वायरल हो रहे सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो क्लिप और उनके लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं। डालनवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

