
वैरागी द्वीप समारोह स्थल पर किया गया संचार क्रांति के एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ।
हरिद्वार ।
वैरागी द्वीप स्थित शांतिकुंज शताब्दी समारोह स्थल पर संचार क्रांति के एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ। समारोह परिसर में स्थापित अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग एवं डाटा सेंटर का विधिवत अनावरण गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति एवं शताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या के कर-कमलों द्वारा संपन्न किया गया।
अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए गढ़वाल कमिश्नर श्री पांडे ने कहा कि शांतिकुंज द्वारा आयोजित शताब्दी समारोह न केवल हरिद्वार जनपद बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन की भव्य तैयारियों एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन की सराहना की।
दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि हाई-टेक संसाधनों से युक्त यह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया केंद्र भविष्य में सूचनाओं के त्वरित, सटीक और प्रभावी आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम बनेगा। इससे आयोजन से जुड़ी हर गतिविधि को आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रसारित किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एवं आईजी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. पंड्या तथा शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि के साथ समारोह की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। सुरक्षा, यातायात, आवास, स्वच्छता तथा मीडिया प्रबंधन से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित शांतिकुंज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस नए मीडिया केंद्र को आयोजन के लिए मील का पत्थर बताया।

