
बड़कोट को बड़ी सौगात: ‘अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का लोकार्पण
बड़कोट।
नगर पालिका परिषद बड़कोट के अध्यक्ष विनोद डोभाल एवं अधिशासी अधिकारी उमेश सुयाल ने आज केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत नवनिर्मित ‘अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर के साथ ही बड़कोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष विनोद डोभाल ने कहा कि यह आरोग्य मंदिर ‘आरोग्यं परमं धनम्’ यानी स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है के संकल्प को साकार करेगा। अब स्थानीय नागरिकों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य जांचों एवं प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
निःशुल्क दवाइयां: मरीजों को आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
फ्री टेस्ट: कई जरूरी स्वास्थ्य जांचें एवं परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे।
प्राथमिक उपचार: आपातकालीन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब घर के पास उपलब्ध होंगी।
शहरी स्वास्थ्य मजबूती: यह केंद्र शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर बॉम्बे शिवा हेल्थ सर्विस जेवी के प्रोजेक्ट मैनेजर देवेन्द्र पासवान, डॉ. रजत गोयल, GNM भावना, MPW हरमीन रावत, नगर पालिका के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, और बड़कोट का यह अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है।


