HTML tutorial

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत स्ट्रांग रूम तैयार जानिए अन्य समाचार

Pahado Ki Goonj

टिहरी/दिनांक 20 जुलाई, 2025

‘‘त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत स्ट्रांग रूम तैयार।‘‘

जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को सफलतापूर्वक सम्पादित करने हेतु जनपद के विभिन्न ब्लाॅक क्षेत्रान्तर्गत निर्वाचन सामाग्री रखने हेतु स्ट्रांग रूम तैयार कर लिये गये हैं।

विकास खण्ड जाखणीधार की निर्वाचन सामाग्री हेतु विकास खण्ड मुख्यालय में प्रमुख का कार्यालय भवन एवं अतिथि गृह के दोनो कक्षों को स्ट्राॅग रूम बनाया गया है। इसी प्रकार जौनपुर के लिए रा.इ.का. थत्यूड़ जौनपुर, थौलधार हेतु विकास खण्ड कार्यालय थौलधार, देवप्रयाग का रा.इ.का. हिण्डोलाखाल, प्रतापनगर का रा.इ.का. प्रतापनगर, चम्बा का विकास खण्ड चम्बा सभागार का प्रथम तल, कीर्तिनगर का विकास खण्ड कार्यालय कीर्तिनगर, नरेन्द्रनगर का विकास खण्ड मुख्यालय फकोट नरेन्द्रनगर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सभागार तथा भिलंगना के लिए विकास खण्ड मुख्यालय भिलंगना मंे भवन संख्या 03 को स्ट्रांग रूम बनाया गया है।

निर्धारित समय सारिणी के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रथम चरण का मतदान 24 जुलाई, 2025 को विकास खंड जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलघार व भिलंगना में तथा द्वितीय चरण का मतदान 28 जुलाई, 2025 को कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेन्द्रनगर व चम्बा में होगा।

आगे पढ़ें
टिहरी/दिनांक 20 जुलाई, 2025
टिहरी हेरिटेज सीरीज #2

‘‘प्राचीन सिद्ध पीठ देवलसारी का कोनेश्वर महादेव मंदिर।‘‘

‘‘मंदिर में जलेरी न होने के कारण आधी नहीं, पूरी की जाती है परिक्रमा।‘‘

‘‘आइए दर्शन करें कोनेश्वर महादेव के और आनन्द लें स्थानीय जीवनशैली का।‘‘

उत्तराखण्ड के गढ़वाल क्षेत्रान्तर्गत जौनपुर ब्लॉक में एक शांत गांव देवलसारी, जो शहर की हलचल भरी दुनिया तथा मसूरी से लगभग 50 किमी दूरी पर स्थित है। प्रकृति की गोद में बसा यह गांव प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि और रोमांच का एक आदर्श मिश्रण है। आप चाहे प्रकृति प्रेमी हों, उत्साही ट्रेकिंग करने वाले हों या एकांत की तलाश में हों, देवलसारी आकर आप एक अविस्मरणीय अनुभव महसूस करेंगे।

देवलसारी में देवदार के घने जंगल के बीच स्थित प्रसिद्ध कोनेश्वर महादेव मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यह मंदिर 1600 के दशक में बनाया गया था। देवलसारी मंदिर के इतिहास के बारे में पता लगाया गया तो पता चला कि यह मंदिर उत्तराखंड का ऐसा मंदिर है, जहां शिवजी ने क्रोधित होकर जंगल बनाया। स्थानीय लोगों से इस मंदिर के बनने की रोचक कहानी इस घाटी में सुनी जा सकती है। किंवदंती के अनुसार यहां के खेतों की रखवाली कर रहे एक ग्रामीण के खेत में एक साधु पहुंचा। साधु ने उस चौकीदार से कुटिया बनाने के लिए थोड़ी सी जगह मांगी, लेकिन फसल लगी होने के कारण चौकीदार ने साधू को जगह उपलब्ध कराने से मना कर दिया। इस पर साधु क्रोधित होकर वहां से चला गया। सुबह जब चौकीदार खेत में पहुंचा तो लहलहाती फसल की जगह देवदार का जंगल था। उन्होंने जंगल के बीचों-बीच एक शिवलिंग भी देखा। ग्रामीणों ने साधु को शिव का रूप मानकर यहां मंदिर बनाने का प्रयास किया, लेकिन मंदिर नहीं बन पाया। कुछ समय बाद एक ग्रामीण ने रोज सुबह शाम अपनी गाय को शिवलिंग पर दूध अर्पित करते हुए देखा तथा क्रोधित होकर उसने कुल्हाड़ी से शिवलिंग पर प्रहार किया। इस चोट से कुल्हाड़ी टूट गई और उस ग्रामीण के सिर में जा धंसी जिससे उसकी मृत्यु हो गई। गांव वाले समझ गए कि भोलेनाथ नाराज हो गए हैं। कुछ समय बाद एक ग्रामीण को सपने में उसी साधु के रूप में शिव भगवान ने दर्शन दिए और देवदार के बीच एक मंदिर बनाने और डोली निकालने को कहा। तब गांव वालों ने वहां लकड़ी का एक मंदिर बनाया, इसी मंदिर को कोनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से जाना जाता है।

‘‘मंदिर में जलेरी न होने के कारण आधी नहीं पूरी की जाती है परिक्रमा।‘‘

इस मंदिर में कुदरत का अनोखा चमत्कार देखने को मिलता है। मंदिर में जलेरी नहीं होने से इस मंदिर की आधी नहीं, बल्कि पूरी परिक्रमा की जाती है। इतना ही नहीं इस शिवालय की अनूठी परंपराएं और कई रहस्य श्रद्धालुओं को हैरत में डाल देते है। मंदिर के शिवलिंग पर चढ़ाए जाने वाले हजारों लीटर जल की निकासी कहां होती है? इस रहस्य से आज तक पर्दा नहीं उठा पाया है।

‘‘कैसे पहुंचें देवलसारी कोनेश्वर मंदिर।‘‘

देवलसारी मसूरी के रास्ते आसानी से पहुँचा जा सकता है। उत्तराखंड और उसके बाहर के प्रमुख शहरों से सड़क मार्ग से यह स्थान जुड़ा हुआ है। मसूरी से आप टैक्सी किराए पर ले सकते हैं या निकटतम शहर थत्यूड़ के लिए स्थानीय बस ले सकते हैं। थत्यूड़ से देवलसारी तक की यात्रा का अंतिम चरण एक छोटी ड्राइव या सुंदर परिदृश्य के बीच पैदल यात्रा करके पूरा किया जा सकता है।

‘‘कब जाएं देवलसारी कोनेश्वर मंदिर।‘‘

देवलसारी जाने का सबसे अच्छा समय बसंत ऋतु (मार्च से जून) और शरद ऋतु (सितंबर से नवंबर) के मौसम के दौरान होता है। इन अवधियों के दौरान मौसम सुहावना होता है और प्राकृतिक नैसर्गिक सुंदरता अपने चरम पर होती है। ग्रीष्मकाल मैदानी इलाकों की गर्मी से राहत प्रदान करता है। जुलाई से अगस्त तक मानसून का मौसम हरियाली लेकर आता है, लेकिन भारी बारिश के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

देवलसारी में ठहरने के विकल्प सीमित, लेकिन आकर्षक हैं, स्थानीय लोगों के कुछ गेस्टहाउस और होमस्टे हैं जो बुनियादी और आरामदायक सुविधाएँ प्रदान करते हैं। होमस्टे में रहना सबसे अच्छा विकल्प हैं, क्योंकि यह स्थानीय जीवनशैली और आतिथ्य का प्रत्यक्ष अनुभव का अवसर प्रदान करता है।

आगे पढ़ें

 

Next Post

Good news देश में अपने काम और व्यवहार से उत्तराखण्डियों की विशेष पहचान-दुष्यंत गौतम

  * देश में  अपने काम और व्यवहार से उत्तराखण्डियों की विशेष पहचान-दुष्यंत गौतम.!* नई दिल्ली ! जन्मभूमि और मातृभूमि के साथ उत्तराखंड देवभूमि देश को प्रेरणा देने का कार्य करती है। चाहे उत्तरायणी हो या हरेला प्रकृति के सम्मान और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दुनियाभर को उत्तराखंड से […]

You May Like