
पीएम मोदी ने दी उत्तराखण्ड को करोड़ों की सौगात, डाक टिकट किया जारी, हजारों किसानों को भी दिया तोहफा।
देहरादून। रविवार को उत्तराखंड राज्य गठन के रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित राज्य की रजत जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होकर पीएम मोदी ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सरकार ने यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने का प्रतीक के तौर पर आयोजित किया है।कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सबसे पहले एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। इसके बाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 930 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और 7 हजार 210 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 28 हजार से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सीधे उनके बैंक खातों में 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अमृत योजना के तहत 23 क्षेत्रों के लिए देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ जिले में एक विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र और नैनीताल के हल्द्वानी स्टेडियम में एक एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान आदि शामिल है।प्रधानमंत्री ने दो प्रमुख जल-क्षेत्र से संबंधित परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिसमें सोंग बांध पेयजल परियोजना, जो देहरादून को 150 एमएलडी (प्रति दिन मिलियन लीटर) पेयजल की आपूर्ति करेगी और नैनीताल में जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना, जो पेयजल प्रदान करेगी और सिंचाई में सहायता के साथ बिजली पैदा करेगी। इसके अलावा विद्युत सबस्टेशन, चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना और नैनीताल में एक अत्याधुनिक डेयरी प्लांट समेत कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। वहीं समारोह में हजारों लोग शामिल हुए।
दुनियां की अध्यात्मिक राजधानी बन सकता है उत्तराखण्डः पीएम मोदी
देहरादून। उत्तराखंड राज्य की स्थापना के रजत जयंती समारोह में भाग लेने के लिए पहंुचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 9 नवंबर का यह दिन उत्तराखंड की जनता की लंबी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। यह दिन हर उत्तराखंडी के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने याद दिलाया कि उत्तराखंड की स्थापना का सपना वर्षों पहले देखा गया था और यह सपना अटल जी की सरकार के समय पूरा हुआ।प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 25 साल पहले उत्तराखंड का बजट मात्र 4 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ा है और सड़कों की लंबाई दोगुनी हो गई है। पहले 6 महीने में लगभग 4,000 यात्री हवाई जहाज से आते थे, आज यह संख्या एक दिन में 4,000 से अधिक हो गई है। शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास हुआ है। पहले राज्य में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब यहां 10 मेडिकल कॉलेज हैं। इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 10 गुना बढ़ गई है। पीएम मोदी ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक महत्व को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जागेश्वर और आदि कैलाश जैसे तीर्थों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों की यात्रा करते हैं, जो न केवल भक्ति का मार्ग बनाती है, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती है।उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड की असली ताकत उसकी आध्यात्मिक शक्ति में है। यदि राज्य ठान ले तो यह आने वाले कुछ वर्षों में दुनियां की अध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित हो सकता है। इसके लिए मंदिरों, आश्रमों और योग केंद्रों को वैश्विक स्तर से जोड़ा जा सकता है। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल की दिशा में भी उत्तराखंड के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि यहां की परंपरा में स्थानीय उत्पादों को अपनाना और उनका उपयोग करना शामिल है, जो राज्य की संस्कृति और विकास का अहम हिस्सा है।


